मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को दी 1.71 करोड़ की सौगात
शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला से वर्चुअली 1.71 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के आवासीय परिसर के लोकार्पण किया। उन्होंने 4.90 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले ‘शिक्षा सदन’ की आधारशिला रखी।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन उपलब्धियों के लिए बड़े राज्यों की श्रेणी में भारत का उत्कृष्ट राज्य आंका गया है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के छात्रों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध करवाने के कारण ही संभव हुआ है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि स्कूल शिक्षा बोर्ड प्रदेश के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में मौजूदा बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने कहा कि 34 वर्ष के अन्तराल के उपरान्त केन्द्र सरकार द्वारा तैयार की गई नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डाॅ. सुरेश कुमार सोनी ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्यों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा बोर्ड वर्तमान समय में छात्रों के विकास में चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा नैतिक शिक्षा जैसी विभिन्न गतिविधियां छात्रों के लिए चलाई जा रही हैं।