देश-दुनिया

कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए इस राज्य ने भी लगाई पाबंदियां

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के दोबारा बढ़ते प्रकोप को देखते हुए देशभर में सरकारों की ओर से पाबंदियां लगाई जा रही हैं। लोगों से कोरोना के नियमों का पालन करने के लिए अपील की जा रही है। इसी प्रकार से अब कर्नाटक सरकार ने भी पाबंदियां लगाने का फैसला लिया है।
कर्नाटक सरकार ने इस क्रम में दूसरे राज्यों से बेंगलुरु आने वाले लोगों के लिए कोरोना वायरस की आरटी-पीसीआर टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर दिया है। कर्नाटक के मंत्री डॉक्टर के सुधाकर ने इसकी जानकारी दी।



1 अप्रैल से लागू होगा नियम
कर्नाटक सरकार ने कोरोना के संक्रमण पर रोक लगाने के लिए यह फैसला लिया है। यह आदेश एक अप्रैल, 2021 से लागू होगा। कर्नाटक के स्वास्थ्य और मेडिकल शिक्षा मंत्री डॉक्टर के। सुधाकर ने बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कहा, ‘बेंगलुरु में 60 फीसदी से ज्यादा मामले दूसरे राज्य आने जाने वालों के हैं। इसे देखते हुए कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट को अनिवार्य किया गया है।’
बेंगलुरु में गुरुवार को 1400 नए मामले दर्ज किए गए थे, जो पिछले चार महीनों में इसका उच्चतम दैनिक आंकड़ा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कर्नाटक में अब तक 978478 लोग कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें से 12471 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। कर्नाटक में अब अब तक 9 लाख 47 हजार 781 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं और राज्य में 18226 एक्टिव केस मौजूद हैं।



देशभर में 24 घंटे में आए 59118 नए मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 (Covid-19) के 59118 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1 करोड़ 18 लाख 46 हजार 652 हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में 257 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 1,60,949 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 4,21,066 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,12,64,637 है।’



हिमाचल में भी लगातार बढ़ रहे मरीज
हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस फिर से रफ्तार पकड़ने लगा है। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को दो और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई थी। ऊना में 50 वर्षीय संक्रमित महिला और शिमला के पंथाघाटी के 85 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। वहीं, प्रदेश के 11 तीर्थयात्रियों, करीब 22 विद्यार्थियों समेत 328 लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ऊना जिले में 110, कांगड़ा 63, सोलन 45, हमीरपुर 38, सिरमौर 30, शिमला 17, बिलासपुर 13, मंडी नौ, चंबा दो और लाहौल-स्पीति में एक नया मामला आया था। हमीरपुर में वृंदावन से लौटे 11 तीर्थयात्रियों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button