देश-दुनिया

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी से भारी शीतलहर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

शिमला। प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कई जगह बारिश और बर्फबारी से समूचा राज्य शीतलहर की गिरफ्त में है। मनाली के ऊपरी हिस्सों, रोहतांग सुरंग, समूची लाहुल घाटी, किन्नौर और पांगी में बर्फबारी से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। समूचे प्रदेश में बड़ी संख्या में सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध हो गई हैं। शिमला का डोडराक्वार से संपर्क कट गया है। हालांकि रोहतांग टनल के साउथ पोर्टल में फंसे 85 वाहन निकाल लिए गए हैं। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि सोमवार को प्रदेश में मौसम कड़े तेवर दिखा सकता है। राज्य के मैदानी इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि होगी। पहाड़ों पर बारिश व बर्फबारी के साथ समूचा प्रदेश फिर से शीतलहर की चपेट में आ सकता है। मौसम विभाग द्वारा इस बारे में यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रदेश में पांच जनवरी को भी मौसम रौद्र रूप दिखा सकता है। छह जनवरी को भी कुछ स्थानों पर बारिश व बर्फबारी होगी, जबकि सात से नौ जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा।

अटल सुरंग के नजदीक 300 टूरिस्टों को पुलिस ने बचाया : हिमाचल प्रदेश पुलिस ने ताजा बर्फबारी के बाद रोहतांग में अटल सुरंग के निकट फंसे 300 से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह कुछ पर्यटक सुरंग पार कर गए थे। लेकिन शाम में उन्हें बर्फबारी की वजह से लाहौल में रुकने की कोई जगह नहीं मिली और फिर मनाली लौटने के दौरान वे रास्ते में फंस गए। सिंह ने बताया कि लाहौल-स्पीति पुलिस ने कुल्लू पुलिस के साथ तालमेल बैठाकर पर्यटकों को वहां से निकालने के लिए शाम में सुरंग से वाहनों को भेजा, लेकिन ये वाहन बर्फ और फिसलन भरी सड़क होने की वजह से रास्ते में ही फंस गए। करीब 70 वाहनों को पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने के कार्य में लगाया गया। धुंडी और सुरंग के साउथ पोर्टल से शनिवार देर रात 12 बजकर 33 मिनट तक सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

जवाहर सुरंग के आसपास 10 इंच तक बर्फबारी: कश्मीर घाटी के ज्यादातर हिस्सों में बर्फबारी के बाद घाटी का देश के अन्य हिस्सों से सड़क और वायु संपर्क कट गया है। अधिकारियों ने बताया कि ज्यादातर स्थानों पर रात में और कुछ स्थानों पर तड़के बर्फबारी शुरू हुई। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई जबकि मध्य और दक्षिणी कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में मध्यम बर्फबारी हुई। वहीं घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में तीन से चार इंच तक ताजा बर्फबारी हुई। वहीं काजीगुंड में नौ इंच तक बर्फबारी हुई। अधिकारियों ने बताया कि पर्यटन के लिए मशहूर पहलगाम में पांच से छह इंच तक और कोकेरनाग में नौ इंच तक बर्फबारी हुई। उत्तरी कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में चार इंच तक बर्फबारी हुई। वहीं श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के जवाहर सुरंग के आसपास 10 इंच तक बर्फबारी हुई। ताजा बर्फबारी की वजह से राजमार्ग पर यातायात निलंबित हो गया। वहीं बर्फबारी के कारण श्रीनगर हवाई अड्डे पर विमानों का पहुंचना और उड़ान भरना बंद है। रनवे पर बर्फ जमा होने की वजह से अब तक यहां विमानों का परिचालन बंद है।

पंजाब-हरियाणा में बारिश, न्यूनतम तापमान बढ़ा: पंजाब और हरियाणा में बारिश के बाद रविवार को ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है। हिसार, रोहतक, भिवानी, लुधियाना समेत कई स्थानों पर कोहरा भी छाया रहा। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे में पंजाब और हरियाणा में कुछ-कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट: मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले स्थानों में भारी हिमपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां भारी हिमपात के कारण सड़कों पर आवागमन प्रभावित हो सकता है और बर्फ के जमाव के कारण फिसलन बढ़ सकती है। इसमें कहा गया है कि राज्य के पांच जिलों के 2500 से 3000 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात हो सकता है। सोमवार को राज्य के अनेक स्थानों में ओलावृष्टि, हल्की से मध्यम वर्षा व हिमपात हो सकता है। 07 जनवरी के बाद मौसम में कुछ सुधार आने की उम्मीद है। अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button