बिलासपुर, चंबा, हमीरपुरहिमाचल

संजीव कटवाल ने पद्मश्री करतार सिंह को किया सम्मानित

हमीरपुर । बांस हस्तशिल्प के लिए हाल ही में पद्मश्री पुरस्कार से अलंकृत नादौन उपमंडल के गांव नौहंगी के करतार सिंह सौंखले को मंगलवार को हिमाचल प्रदेश हथकरघा एवं हस्तशिल्प निगम की ओर सम्मानित किया गया। निगम के उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने करतार सिंह के घर जाकर उन्हें सम्मानित किया और निगम तथा प्रदेश की ओर से बधाई दी।  इस अवसर पर खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया, हिमको फेडरेशन के उपाध्यक्ष रतनपाल, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा बबली और उपाध्यक्ष हुकम सिंह बैंस भी उपस्थित रहे।  इस मौके पर संजीव कटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार और हिमाचल प्रदेश हथकरघा एवं हस्तशिल्प निगम करतार सिंह की कला को सहेजने व इसके संवद्र्धन के लिए हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने करतार सिंह को पद्मश्री जैसा प्रतिष्ठित पुरस्कार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार जताया। कटवाल ने बताया कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश भर में निगम के 26 यूनिट कार्य कर रहे हैं।



इन यूनिटों में दो हजार प्रशिक्षुओं को 2 से 3 माह तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें प्रशिक्षक को माह में 15000 तथा प्रशिक्षुओं को प्रतिदिन 300 रुपये मानदेय दिया जा रहा है। इसके अलावा बांस की कलाकृतियों को बढ़ावा देने के लिए मलां और धर्मपुर में प्रशिक्षण केंद्र चलाए जा रहे हैं। जबकि, देहरा गोपीपुर में भी शीघ्र ही एक केंद्र आरंभ किया जाएगा। शाहपुर में भी चीड़ की पत्तियों पर आधारित एक केंद्र आरंभ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इनके उत्पादों की बिक्री और कलाकारों की आजीविका बढ़ाने के लिए एमेजॉन व फ्लिपकार्ट के साथ करार किया जा रहा है। कटवाल ने कहा कि करतार सिंह की कलाकृतियों को सहेजने के लिए भाषा एवं संस्कृति विभाग से भी बात की जाएगी और नादौन में ही इसकी व्यवस्था की जाएगी।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button