शिवरात्रि को लेकर डीसी ने मंडी वासियों से की यह अपील
मंडी । उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने मंडी वासियों से 12 मार्च को शिवरात्रि महोत्सव की पहली जलेब में अपने पारंपरिक परिधानों में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन जन सहयोग से स्वर्णिम अंतरराष्टीय शिवरात्रि महोत्सव की पहली जलेब को हिमाचल की संस्कृति के विविध रंगों से सजाने के प्रयासों में लगा है। उन्होंने कहा कि 12 से 18 मार्च तक मनाए जाने वाले इस महोत्सव का शुभारम्भ मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर करेंगे। वे 12 मार्च को अपराह्न 2 बजे प्रथम जलेब की अगवानी करेंगे। उपायुक्त ने कहा कि हमारा प्रयास है कि देव आस्था का यह महा समागम देव संस्कृति को और मजबूती देने में सहायक हो। साथ ही हमारी कोशिश है कि अपने समृद्ध इतिहास से हमारा भावनात्मक जुड़ाव और मजबूत हो और पुरातन परंपराओं से नई पीढ़ी को जोड़ा जाए। इसलिए जन भागीदारी से जलेब की पुरातन परंपराओं को सहेजने व आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य के साथ 11 मार्च को सुबह 8 बजे राज देवता माधो राय जी के प्रांगण में करवाए जाने वाले शिवरात्रि हवन को भी इस बार बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। ।
उन्होने कहा कि इस बार इंदिरा मार्केट की छत पर ‘री-लिव दी पास्ट’ नाम से एक बड़ी प्रदर्शनी लगाई जा रही है। यह प्रदर्शनी महोत्सव के मुख्य आकर्षणों में एक होगी। इसके जरिए लोगों को पहाड़ी रहन-सहन, पहनावा, खान-पान, जीवन शैली, मंडी की पुरातन कला, संस्कृति, इतिहास से रूबरू करवाने के विशेष प्रयास किए जाएंगे रहेंगे। ताकि लोग जब इस प्रदर्शनी में आएं तो अपने समृद्ध इतिहास और अतीत से उनका एक कनेक्ट स्थापित हो। इसके अलावा पड्डल मैदान में लगने वाली विभागीय प्रदर्शनी में हिमाचल की 50 साल की स्वर्णिम विकास यात्रा को इंफो ग्रैफिक्स और अन्य तरीकों से प्रदर्शित करने की व्यवस्था की जाएगी।