महिला गोबिंद सागर झील में कूदी, स्थानीय लोगों ने बचाया

ऊना। गोबिंद सागर झील में 31 वर्षीय विवाहिता ने कूद कर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। लेकिन स्थानीय लोगों ने जान को जोखिम में डालते हुए महिला को बचा लिया। मामला उपमंडल बंगाणा के तहत लठियाणी घाट के समीप पेश आया है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रेमपाल शर्मा व टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच आरंभ कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह महिला लठियाणी बाजार से होती हुई गोबिंद सागर झील के घाट पर पहुंची। घाट पर पहुंचकर महिला ने गहरे पानी में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि महिला का पति किसी पंचायत में कर्मचारी है। स्थानीय लोगों द्वारा महिला के परिजनों को सूचित किया गया। घटना के तुरंत बाद महिला के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस की टीम ने महिला को परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस की टीम महिला द्वारा झील में छलांग लगाने के कारणों की जांच में जुट गई है।