
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि पार्टी में मुख्यमंत्री बनने के लिए सभी के रास्ते खुले हैं, लेकिन इसके लिए पहले विधायक बनना जरूरी है।
मुख्यमंत्री की लड़ाई का अभी सवाल ही नहीं है। बहुमत मिलने पर हाईकमान ही इसे तय करेगा। उन्होंने कहा कि जो नेता शिमला रैली में शामिल नहीं हुए, वे खुद को कारवां से बाहर समझें। यह कारवां अब चल पड़ा है। गुरुवार को राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान में नवनियुक्त कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा वीरभद्र सिंह, चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के स्वागत समारोह की रैली को संबोधित करते हुए शुक्ला ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। हर कार्यकर्ता को उन्होंने सौ लोग जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी।