हिमाचल में बढ़ेगा सियासी तापमान, सोलन में आने वाली हैं प्रियंका

सोलन। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का हिमाचल दौरा तय हो गया है। प्रदेश कांग्रेस 10 अक्तूबर को सोलन में उनकी अगुवाई में बड़ी रैली करने जा रही है।
सोलन की इस रैली में भीड़ शिमला और सिरमौर से भी पहुंचेगी। हालांकि इससे पूर्व प्रियंका गांधी का 29 सितंबर को सुजानपुर का दौरा तय हुआ था, लेकिन इस रैली में प्रियंका गांधी नहीं पहुंच पाई थीं। इसके बाद प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर पालमपुर में भी तैयारियां शुरू की गईं, लेकिन यहां भी मैदान तय न हो पाने की वजह से प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दौरा बदल दिया। अब यह दौरा सोलन में होगा। इस दौरे के साथ ही कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के टलने के भी आसार बन गए हैं। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक सात अक्तूबर को होने वाली स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद होनी है।
कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने बताया कि कांग्रेस बड़े नेताओं की रैली का आयोजन करेगी। प्रियंका गांधी की रैली सोलन में तय हुई है। यहां शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर तीनों जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में हिस्सा लेने के लिए पहुंचेंगे।