हिमाचल
हिमाचल : 13 वर्षीय किशोर का फंदे से लटका मिला शव, हत्या की आशंका

धर्मशाला। जिला कांगड़ा के भवारना के तहत आने वाली ग्राम पंचायत साम्ला में एक 13 वर्षीय किशोर का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार किशोर के पिता ने पुलिस को बताया कि वह यहां किराए के मकान में रहते हैं। वह और उसकी पत्नी सुबह काम पर निकले थे और बेटा घर में अकेला था। जब वह शाम को घर आए तो देखा कि बच्चा फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद उन्होंने उसे फंदे से नीचे उतारा लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिवार ने बेटे की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है।
उन्होंने कहा कि उनका बेटा बिल्कुल स्वस्थ था और फंदा लगाने के बारे में वह सोच भी नहीं सकता था। उन्होंने पुलिस से इस मामले की पूरी जांच करने और बेटे को इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।