UK Weather : मैदानी जिलों में 11 जनवरी से शुरू हो सकता है बारिश का दौर, कल पहाड़ों पर बर्फबारी

देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम शुष्क चल रहा है। उधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले में कोहरा छाने से इन जिलों में शीत दिवस की स्थित चल रही है। सोमवार आठ और मंगलवार नौ जनवरी को भी इन दोनों जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, कल से पहाड़ों में बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। देहरादून सहित अन्य मैदानी इलाकों में 11 जनवरी से हल्की बारिश की संभावना भी है। अभी तक काफी समय से मैदानी जिले सूखे चल रहे हैं।
आज के मौसम का हाल
सोमवार आठ जनवरी की सुबह से ही देहरादून सहित आसपास के इलाकों में तेज धूप खिल गई। ऐसे में आज दिन का तापमान भी ज्यादा रहने की संभावना है। हरिद्वार और उधमसिंह नगर में सुबह से ही कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंटने लगा है। इन दोनों जिलों में शीत दिवस का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
आगामी मौसम का हाल
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, नौ जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ में ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 10 जनवरी को राज्यभर में मौसम शुष्क रह सकता है। 11 जनवरी को उपरोक्त जिलों के साथ ही देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी जिलों में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। मैदानी इलाके शुष्क रह सकते हैं। 12 जनवरी को पर्वतीय जिलों में हल्की से हल्की बारिश और पहाड़ों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। साथ ही मैदानी जिलों में भी कहीं कहीं हल्की बारिश की संभावना है।
तापमान की स्थिति
सोमवार आठ जनवरी की सुबह करीब 11 बजे तक देहरादून का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 21 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रहने की संभावना है। नौ जनवरी को अधिकतम तापमान गिरकर 19 डिग्री हो सकता है। इसके बाद दस जनवरी को बढ़कर 20 डिग्री रहने की संभावना है। 11 जनवरी को तापमान गिरकर अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री, 12 जनवरी को अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रह सकता है।
इसके बाद तापमान में फिर से गिरावट आएगी। 13 जनवरी को अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री, 14 और 15 जनवरी को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री के करीब रह सकता है। इस बीच देहरादून में आठ और नौ जनवरी, 11 से लेकर 15 जनवरी तक बादल छाए रह सकते हैं। 11 जनवरी से तीन दिन तक देहरादून में कहीं कहीं हल्की बारिश की उम्मीद है।