दूल्हे की मां ने कह दी ऐसी बात, कि बैरंग लौट गई बारात

यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर के जगाधरी में देवी भवन बाजार स्थित धर्मशाला में शादी समारोह में दुल्हे व दुल्हन पक्ष के बीच विवाद हो गया। विवाद शादी में खराब इंतजाम को लेकर हुआ। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। दूल्हे को भी वरमाला से रोक दिया गया। रात भर दोनों पक्षों के बीच बातचीत चलती रही, लेकिन कोई समझौता नहीं हुआ। जिस पर दुल्हन को लेकर परिवार के लोग महिला थाना में पहुंच गए।
हालांकि यहां पर शिकायत देने से पहले ही दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। जिसमें दूल्हा पक्ष ने शादी में हुआ खर्च व सामान लौटाने की बात कही। इसके बाद दोनों परिवार यहां से चले गए। दुल्हे को भी बैरंग ही बारात लेकर लौटना पड़ा। महिला थाना प्रभारी शीलावंती ने बताया कि सुबह ऐसा मामला आया था, लेकिन कोई शिकायत नहीं दी और वह थाने के बाहर से ही लौट गए। परिवार ने मीडिया से बात करने से यह कहते हुए इंकार किया कि उनके बीच में समझौता हो गया। वह इस बारे में कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
बताया जा रहा है कि सोनीपत से बारात आई थी। बैंडबाजे के साथ दुल्हा बारात लेकर पहुंचा। जब रिबन काटने की बारी आई, तो दुल्हे की मां ने कह दिया कि यह क्या इंतजाम किया है। शादी भी धर्मशाला में कर रहे हो। खाने पीने का इंतजाम भी ठीक नहीं है। जिसका दुल्हन पक्ष के लोगों ने विरोध जताया। इस पर ही बात बढ़ गई। विवाद इतना बढ़ा कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे को वरमाला के लिए सजाए गए मंच पर भी चढ़ने से रोक दिया। दोनों पक्षों के बीच खूब बहसबाजी हुई। रात भर दुल्हन पक्ष व दुल्हा पक्ष के लोगों के बीच बातचीत चलती रही। दुल्हन पक्ष ने शादी से साफ इंकार कर दिया।
जिससे दूल्हा पक्ष भी बारात लेकर लौटने लगा, लेकिन दुल्हन पक्ष के लोगों ने शादी में ह़ुए खर्च की मांग कर दी। इसको लेकर मामला थाने तक भी गया। थाने में दुल्हन व उसके परिवार के जाने का पता लगते ही दुल्हा पक्ष के लोगों ने समझौता करने में भलाई समझी और रिश्तेदारों के बीच तय हुआ कि शादी में जो भी खर्च हुआ। वह दुल्हा पक्ष को देना होगा। इस पर वह राजी हो गए। इसके बाद ही मामला शांत हुआ।