लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ठाकुरगंज में बुधवार को आवारा कुत्तों ने पार्क में खेल रहे 7 साल के मासूम और उसकी बहन पर हमला कर दिया, इस हमले में मोहम्मद की मौत हो गई, जबकि जन्नत की हालत गंभीर है।
ठाकुरगंज के मुसाहिबगंज हैदरी इमामबाड़े के पास शबाब रजा परिवार संग रहते हैं। पेशे से प्लंबर शबाब के परिवार में पत्नी रानी, तीन बेटियां आदिया, मासूमा, जन्नत और इकलौता बेटा मोहम्मद रजा था। बुधवार शाम करीब चार बजे मोहम्मद चार साल की बहन जन्नत फातिमा संग घर के पास सरकारी स्कूल के मैदान में खेल रहा था तभी आवारा कुत्तों के झुंड पहुंच गए।
लोग आक्रोशित हुए
मोहम्मद और जन्नत डर कर भागे। बच्चे कुछ समझ पाते इससे पहले कुत्तों ने बुरी तरह नोंच डाला। स्थानीय लोगों के अनुसार खून से लथपथ बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। घायल बच्चों को लेकर परिवारीजन ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
इलाज के कुछ ही मिनट में मोहम्मद की मौत हो गई, जबकि जन्नत की हालत गंभीर है। शबाब के इकलौते बेटे मोहम्मद की मौत की खबर जैसे ही इलाके में पहुंची तो लोग आक्रोशित हो गए। भारी संख्या में लोग शबाब के घर पहुंच गए। लोगों का आरोप है कि आवारा कुत्तों को लेकर कई बार शिकायत की गई लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। गुस्साए लोग ठाकुरगंज थाने भी पहुंचे। मुआवजे और संबंधित अधिकारियों को बुलाने की मांग करते हुए हंगामा भी किया। पुलिस ने उचित कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। शबाब रजा का कहना है कि बड़ी मन्नत के बाद उन्हें बेटा मिला था। तीन बेटियों में मोहम्मद इकलौता बेटा था।