रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी शहर में पति-पत्नी के रिश्तों में शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शहर के एक माेहल्ला निवासी महिला ने अपने पति पर होटल में ले जा कर दोस्त से दुष्कर्म कराने का आरोप लगाया है।
महिला ने अपने पति और उसके दोस्तों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म करने की रामपुरा थाना में शिकायत दी है। आरोप है कि पति के एक अन्य दोस्त ने भी घर में घुस कर महिला के साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म की घटना पांच मार्च व 21 अप्रैल की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर महिला के पति व उसके एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दूसरे दोस्त की भी तलाश कर रही है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस को दी शिकायत में दुष्कर्म की शिकार पीड़ित महिला ने कहा है कि वह अपने पति व सास के साथ शहर के मोहल्ला में किराए पर रहती है। पांच मार्च को उसका पति उसे दिल्ली रोड स्थित एक होटल में ले गया। होटल में उन्हीं के मोहल्ले का रहने वाला पति का दोस्त भी मौजूद था। महिला का आरोप है कि उसके पति के सामने ही उसके दोस्त ने दुष्कर्म किया। पति ने किसी को भी इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी।