हालात गंभीरः देश में एक दिन में कोरोना से 2,812 मरीज़ो की मौत, इतने नए मामले

नई दिल्ली। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 संक्रमण के 3,52,991 नये मामले दर्ज किए गए।महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान सहित 10 राज्यों में नये संक्रमण के 74.5% मामले दर्ज किए जा रहे हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 66,191 दैनिक नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद 35,311 मामलों के साथ उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है, जबकि कर्नाटक में 34,804 नए मामले सामने आए हैं।
भारत में कुल सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 28,13,658 हो गई है। यह संख्या देश के कुल संक्रमित मामलों का 16.25 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान कुल सक्रिय मामलों की संख्या में 1,30,907 मामलों की बढ़ोतरी हुई है। भारत के कुल सक्रिय मामलों में आठ राज्यों- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, तमिलनाडु, गुजरात और केरल का कुल मिलाकर 69.67 प्रतिशत योगदान है। कोविड से जुड़ी राष्ट्रीय मृत्यु दर गिर रही है और इस समय 1.13 प्रतिशत है।
पिछले 24 घंटों के दौरान 2,812 की मौत
पिछले 24 घंटों के दौरान 2,812 कोविड मरीजों की मौत हुई है। 10 राज्यों का मौत के नए मामलों में 79.66 प्रतिशत योगदान है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 832 लोगों की जान गई, इसके बाद दिल्ली में सबसे ज्यादा 350 लोगों की मौत हुई।