बिलासपुर, चंबा, हमीरपुरहिमाचल

गौवंश को आश्रय देना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता : अशोक शर्मा

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न गौ सदनों, गौशालाओं और गौ अभयारण्य के संचालकों तथा पशु पालन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बेसहारा पशुओं की समस्या और गौ सदनों एवं गौशालाओं के संचालन के संबंध में व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर अशोक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार सडक़ों पर भटक रहे बेसहारा पशुओं को आश्रय प्रदान करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रही है। प्रत्येक जिले में संचालित किए जा रहे गौ सदनों को सरकार की ओर से हरसंभव मदद प्रदान की जा रही है। गौ सदनों के अलावा कऊ सेंक्चुरियां भी बनाई जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक गौवंश को छत मुहैया करवाई जा सके। अशोक शर्मा ने कहा कि गौ सदनों के संचालकों की समस्याओं और मांगों को प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा। बैठक के दौरान संचालकों ने गौ सदनों के निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध करवाने, गौ सदनों के निर्माण के लिए धनराशि का प्रावधान करने, चारे की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने और पशुओं के उपचार के लिए गौ सदनों में ही दवाइयों का प्रबंध करने की मांग रखी। उन्होंने गौ सेवा आयोग के समक्ष कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। बैठक में हिमाचल गौ सेवा समिति हमीरपुर के अध्यक्ष रसील सिंह मनकोटिया, उपाध्यक्ष केशव शर्मा, गौ सेवा आयोग के सदस्य आशीष शर्मा, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. मनोज कुमार, सहायक निदेशक डॉ. सतीश कपूर, डॉ. अजय कुमार और अन्य पशु चिकित्सकों ने भी भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button