अपराध/हादसेउत्तराखंडपिथौरागढ़, नैनीताल, रुद्रप्रयाग

सनसनीखेज : शादी की चल रही थीं रस्में, किसी ने दूल्हे पर चला दी गोली

हल्द्वानी। ओखलकांडा ब्लॉक के सुनकोट में सोमवार को जयमाला कार्यक्रम के दौरान अचानक गोली चली और दूल्हे की पीठ को रगड़ती हुई निकल गई। इससे वहां अफरातफरी मच गई। वैवाहिक कार्यक्रम रोक दिए गए। घायल दूल्हे को पाटी (चंपावत) में प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर किया गया है। हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर है। गोली किसने चलाई, इसका पता नहीं चल सका है।



पुलिस ने बताया कि सोमवार को देवीधुरा (चंपावत) निवासी दीवान सिंह के बेटे विजय लमगड़िया की बरात सुनकोट निवासी राम सिंह बोहरा के यहां आई थी। दोपहर करीब एक बजे बरात लड़की के घर पहुंची। स्वागत के बाद बराती खाना खाने लगे। वहीं दूल्हा और दुल्हन को जयमाला के लिए घर की छत पर ले जाया गया। वहां जयमाला के साथ दूल्हा-दुल्हन की फोटोग्राफी चल रही थी। दोपहर दो बजे अचानक गोली चली जो दूल्हे विजय की पीठ को छूते हुए निकल गई। गोली लगने से विजय घायल हो गया। इससे शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। दूल्हे को पाटी (चंपावत) के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हल्द्वानी के एसटीएच के लिए रेफर कर दिया।



जयमाला के दौरान गोली लगने और दूल्हे के घायल होने पर खुशियों भरा माहौल एक पल में बदल गया। दुल्हन के पिता राम सिंह बेहोश हो गए तो दुल्हन का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ओखलकांडा ब्लॉक के सुनकोट गांव में सोमवार को हंसी खुशी का माहौल था। सुबह से ही गांव के लोग बरात की तैयारियों में जुटे थे। दोपहर एक बजे देवीधुरा (चंपावत) से बरात पहुंची तो पूरा गांव आवभगत में लग गया। बराती खाना खाने लगे, तो परिवार के लोग वैवाहिक रस्में निभाने लगे। अचानक चली गोली ने सब कुछ बदल दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दूल्हे और दुल्हन की किसी से कोई रंजिश नहीं है। ऐसे में किसने और किस मकसद से गोली चलाई कुछ पता नहीं चल रहा है।



सीओ भीमताल प्रमोद साह ने बताया कि मामला राजस्व क्षेत्र से जुड़ा हुआ है लेकिन घटना का पता चलते ही मुक्तेश्वर पुलिस को मौके पर भेजा गया है। प्रथमदृष्टया कोई भी पुरानी रंजिश निकलकर सामने नहीं आई है। साथ ही अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button