Corona : भारत तक पहुंचा Omicron, 2 लोगों में मिला नया वेरिएंट
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का नया वेरिएंट ओमीक्रॉन (Omicron India) अब भारत भी पहुंच गया है। भारत में दो लोगों में कोरोना का नया वेरिएंट मिला है। ये दोनों केस कर्नाटक में मिले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Health Ministry) ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि जिन दो लोगों में ये नया वेरिएंट (Corona New Variant) मिला है, उनमें एक व्यक्ति 66 साल और दूसरा व्यक्ति 46 साल का है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि देश में पिछले 24 घंटे के अंदर ओमीक्रॉन के 2 मामले दर्ज किए गए हैं। संयुक्त सचिव ने कहा कि अब तक इन दोनों लोगों के संपर्क में अन्य लोगों पर हमारी नजर है। लव अग्रवाल ने कहा कि कोविड के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन के बारे में बहुत से तथ्य विज्ञान के द्वारा सामने आने वाले हैं। भविष्य में जो भी निर्णय लिए जाएं, वे सभी निर्णय वैज्ञानिक तथ्यों के सामने आने के बाद ही लिए जाने चाहिए। वहीं नीति आयोग के सदस्य वीके पॉल ने कहा कि पूरी दुनिया में अभी ओमीक्रॉन की विशेषताएं, प्रभाव यह सब समझा जा रहा है। वीके पॉल ने कहा कि वैक्सीन के बूस्टर डोज के लिए अध्ययन किया जा रहा है। जैसे-जैसे जो स्थिति सामने आएगी उसके आधार पर आगे फैसले लिए जाएंगे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि अब तक 29 देशों में ओमीक्रॉन के 373 मामले आए हैं। उन्होंने कहा कि विश्व में अभी भी कोरोना के मामलों में तेजी देखी जा रही है। पिछले एक हफ्ते में दुनिया में 70 प्रतिशत मामले यूरोप से आए हैं। एक हफ्ते में यूरोप में 2.75 लाख कोविड मामले आए और 29,000 से अधिक मृत्यु एक हफ्ते में यूरोप में दर्ज की गई है।
भारत में कोरोना की स्थिति
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के अनुसार, देश में इस वक्त कोरोना वायरस के 99,763 सक्रिय मामलों की संख्या है। पिछले 24 घंटे में देश में कोविड के 9,765 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा देश में दो राज्य ऐसे हैं, जहां 10,000 से अधिक सक्रिय मामले हैं। वह केरल और महाराष्ट्र हैं। लव अग्रवाल ने बताया कि 44,000 सक्रिय मामले केरल और 11,000 मामले महाराष्ट्र में हैं। कोविड के 55% मामले देश में इन्हीं दो राज्यों से आ रहे हैं।
देश में अब तक वैक्सीनेशन
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल की मानें तो देश में अब तक लोगों को 125 करोड़ से ज्यादा कोविड वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं। 84.3 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली डोज और 45.92 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुके हैं।