HP News : ग्लेशियर टूटने से अफरातफरी, कई क्षेत्रों का संपर्क कटा

चंबा। चंबा जिले के पांगी में ग्लेशियर टूट गया। ग्लेशियर टूटने से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, मिंधल पंचायत के साथ लगते अझल नाले में यह ग्लेशियर टूटा है। इससे मिंधल समेत आसपास की इलाकों का अन्य पंचायतों से संपर्क कट गया।
जानकारी के अनुसार, यह ग्लेशियर साथ लगते रिहायशी इलाके के नाले में टूट कर गिरा है। ग्लेशियर गिरने की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले। ग्लेशियर रिहायशी इलाके से थोड़ा दूर गिरा जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। राहत की बात है कि किस तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन आसपास के एरिया के जो रास्ते हैं वो बंद हो गए हैं। आपदा प्रबंधन की ओर से यहां पर हमेशा टीमें तैनात रहती हैं। रास्ते की बहाली के लिए टीमें लग गई है।
गौरतलब है कि जनजातीय क्षेत्र पांगी 6 महीने तक बर्फबारी से ढका रहता है, ऐसे में हेलिकॉप्टर के जरिए ही पांगी के लिए आवाजाही हो पाती है। सर्दियों में ग्लेशियर गिरने का हमेशा ही यहां खतरा बना रहता है।
लोक निर्माण विभाग ने स्थिति सामान्य होने पर फिर से रास्ता निर्माण करने की बात कही है। पांगी में इस बार भारी बर्फबारी हुई है। जिसके चलते यह अनुमान लगाया जा रहा है कि अबकी बार पांगी घाटी को शेष विश्व के साथ सड़क सुविधा के माध्यम से जुड़ने में विगत वर्ष के मुकाबले अधिक समय लग सकता है।