भाजपा विधायक नरेंद्र ठाकुर की माता का निधन
हमीरपुर। हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर की माता का गुरुवार दोपहर में उनके निवास पर निधन हो गया। 92 वर्षीय राजकुमारी ठाकुर करीब दस दिन पूर्व कोरोना संक्रमित पाई गई थीं। सांस लेने में परेशानी होने पर उन्हें हमीरपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने पर बुधवार को अस्पताल से वह डिस्चार्ज हुई थीं। विधायक नरेंद्र ठाकुर उन्हें अस्पताल से घर पर ले आए थे। लेकिन गुरुवार दोपहर को अचानक फिर से तबीयत खराब हुई और उनका निधन हो गया।
राजकुमारी ठाकुर के पति स्वर्गीय ठाकुर जगदेव चंद जनसंघ समय से भाजपा के कदावर नेता रहे थे। वह पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। वर्तमान में उनके पुत्र नरेंद्र ठाकुर हमीरपुर से भाजपा के विधायक हैं। पूर्व मंत्री जगदेव चंद ठाकुर की पुत्रवधू उर्मिल ठाकुर भी दो बार भाजपा विधायक और सीपीएस पद पर रह चुकी हैं।
मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री नरेंद्र ठाकुर जी की पूज्य माता जी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री जी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करने हेतु प्रार्थना की है। pic.twitter.com/4YHqu5fNix
— CMO HIMACHAL (@CMOFFICEHP) May 13, 2021
उनके निधन पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा, विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, प्रदेश भाजपा सह प्रवक्ता नरेंद्र अत्री, कांग्रेस विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, राजेंद्र राणा और कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र जार समेत अन्य ने शोक प्रकट किया है।