पत्नी ने ऑमलेट बनाने से किया इनकार, तो पति बना हैवान

पटना। बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का गला घोंटकर उसके शरीर को छत के हुक से लटका दिया। दरअसल, शख्स ने अपनी पत्नी से आमलेट बनाने के लिए कहा लेकिन जब उसने आमलेट बनाने से इनकार कर दिया, तब उसने इस घिनोने अपराध को अंजाम दिया।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ये घटना गुरुवार देर रात सहियारा थाना क्षेत्र के बेलही जय राम गांव की है। हालांकि आरोपी फिलहाल फरार है। राम विनय सिंह ने कहा, ‘मेरा बेटा शराबी है। वह गुरुवार शाम को शराब के नशे में घर आया था। उसने बाजार से अंडे भी खरीदे थे। हालांकि, जब उसने अपनी पत्नी नीतू सिंह (30) से आमलेट बनाने के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया। उसने कहा कि गुरुवार को रसोई में मांसाहारी भोजन नहीं बनाया जा सकता है। इसके कारण आपस में कहासुनी हो गई।’ नीतू उसकी शराब पीने की आदत से नाराज थी। उसने पहले भी उसके शराब पीने का विरोध किया और गुरुवार को भी ऐसा ही किया। इससे अजीत को गुस्सा आ गया। उसने पहले बेडरूम के अंदर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की फिर उसका गला घोंट कर फांसी पर लटका दिया।