अग्निकांड : रजाई और गद्दे बनाने वाली फैक्टरी में आग
राजगढ़ (सिरमौर)। उपमंडल के सनौरा के समीप रजाई और गद्दे बनाने वाली फैक्टरी में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना शनिवार तड़के साढ़े तीन बजे की है। जानकारी के अनुसार फैक्टरी में सुबह अचानक आग भड़क गई।
उत्तरप्रदेश के यूसुफनगर, बिजनौर के रहने वाले फिरोज पुत्र नौशाद ने तीन साल पहले सनौरा के पास रजाई गद्दा बनाने की फैक्टरी लगाई है। शनिवार को इस उद्योग में आग लग गई। आग की वजह शॉर्टसर्किट माना जा रहा है। अग्निकांड से फैक्टरी के अंदर रखा सामान रजाई, गद्दा, रुई, तकिये, रजाई गद्दा बनाने की मशीनें, रुई समेत फ्रीज, वाशिंग मशीन, किचन का सामान, सिलिंडर और राशन तक जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ।
सूचना मिलते ही फैक्टरी प्रबंधन ने सोलन से अग्निशमन वाहन मौके पर मंगवाया लेकिन तब तक फैक्टरी में रखी मशीनरी और सामान जलकर राख हो गया। अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से फौरी राहत राशि प्रदान की गई है।