घर की छत पर मिला अध्यापिका का जला हुआ शव

ऊना। पुलिस थाना गगरेट के तहत गांव मारवाड़ी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस द्वारा महिला का शव घर की छत पर जला हुआ बरामद किया गया है। हालांकि यह हत्या है या आत्महत्या इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। पुलिस द्वारा ससुराल पक्ष और मायके पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं तथा आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय महिला निजी स्कूल में अध्यापिका थी। बताया जा रहा है कि निजी उद्योग में कार्यरत महिला का पति जब रोजाना की तरह घर पहुंचा तो उसे घर पर कोई नहीं दिखाई दिया। जिसके बाद वह अपनी पत्नी को ढूंढता हुआ घर की छत पर पहुंचा तो उसने देखा कि महिला छत पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थी तथा उसका शरीर बुरी तरह से जला हुआ था। इसके बाद उसने ने इस बाबत जानकारी अपने परिजनों और पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।