बिलासपुर (विनोद चड्ढा)। महर्षि वेद व्यास गऊ सेवा समिति के प्रधान अशोक कुमार ने कहा है कि जो लोग पशुओं का उपयोग कर उन्हें सड़कों पर मरने के लिए छोड़ देते हैं, सरकार उनके खिलाफ कड़ा कानून बनाए तथा इस प्रकार की असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों को जुर्माना और कारावास दोनो सजाएं दी जानी चाहिए ताकि बेजुबान यूं सड़कों पर बेमौत न मरें।
बीते रोज फोरलेन में बेहना जट्टां के पास वाहन की चपेट में आए बेसहारा बैल की तीमारदारी कर रहे अशोक कुमार ने बताया कि इस बैल की बाईं टांग कई हिस्सों से टूट चुकी है तथा वैटनरी अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा इसकी टांग पर प्लास्टर चढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि इस बैल के खड़े होने में कम से कम छह महीने लगेंगे।
इस बैल के खानपान दवा आदि का सारा व्यय उन्हें ही वहन करना पड़ेगा। वर्तमान में अशोक कुमार की गऊशाला में करीब 50 पशु ऐसे हैं जो किसी न किसी रूप या रोग से घायल हैं।
गौरतलब है कि यह गऊशाला ऐसा परिसर हैं जहां पर बेसहारा पशुओं को रखा गया है। जबकि किसी न किसी हादसे में घायल पशुओं का भी यहां विधिवत रूप से उपचार किया जाता है। महर्षि वेद व्यास गऊ सेवा समिति के संचालक अशोक कुमार ने बताया कि उनके पास वर्तमान में कुल 130 ये ज्यादा पशु हैं। जिनमें से करीब 50 पशु विभिन्न रोगों से ग्रसित हैं।