Corona : एक ही स्कूल की 288 छात्राओं को कोरोना

नई दिल्ली। देश में कोरोना (CORONA VIRUS) फिर से लौट रहा है। दरअसल आज सामने आए नए मामलों ने राज्य सरकार की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि एक दो राज्यों को छोड़कर देश में कोरोना के मामले कम है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार बीते 24 घंटे में देश में कोविड के 8,488 कुल मामले सामने आए। इनमें से केरल के 5,080 मामले शामिल है। इस दौरान केरल में 7,908 लोग डिस्चार्ज हुए और 40 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। रविवार को तेलंगाना के खम्मम जिले के सरकारी रेजीडेंशियल स्कूल की 288 छात्राओं की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने शिक्षकों सहित सभी स्कूली छात्राओं और कर्मचारियों के सामूहिक कोविड टेस्ट करने का निर्णय लिया है. बता दें कि, इस रेजीडेंशियल स्कूल में 575 विद्यार्थी हैं।
यूरोप में फिर बढ़ रहा है कोरोना, डब्ल्यूएचओ ने जताई चिंता, सेंसेक्स में आई गिरावट, ऑस्ट्रिया में लॉकडाउन
यूरोप के देश संक्रमण का केंद्र बनने लगे हैं। इसी को देखते हुए जर्मनी में टीकाकरण अनिवार्य किया जा रहा है। वहां की सरकार ने माना है कि देश में चौथी लहर आ चुकी है। डब्ल्यूएचओ (WHO) ने भी चेतावनी दी है कि यूरोप फिर से संक्रमण का केंद्र बन रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने यूरोप में कोरोना की नई लहर के बीच संक्रमण के मामलों में हुई बढ़ोतरी को लेकर चिंता जताई है। डब्ल्यूएचओ के क्षेत्रीय निदेशक डा. हंस क्लूज ने चेतावनी दी कि अगर तत्काल बचाव के लिए प्रभारी उपाय नहीं अपनाए जाते हैं, तो संक्रमण की वजह से मार्च तक पांच लाख और मौतें दर्ज की जा सकती हैं। डा. क्लूज ने प्रभावी बचाव के लिए तत्काल मास्क पहनने पर जोर दिया है। भारत में इस वक्त कोरोना कुछ नियंत्रण में है, लेकिन यहां भी सावधानी की जरूरत है। क्योंकि पहली बार भी कोरोना यूरोप के देशों में फैला था। फिर इसके बाद इसका हमला भारत में हुआ था।
सेंसेक्स पर भी असर
दुनिया के कई देशों में कोरोना कई नई लहर देखने को मिली है। यूरोपीय देशों में भी ऐसा हो रहा है। इसका असर सोमावर को भारत में सेंसेक्स पर देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक, कई यूरोपीय देशों में घातक COVID-19 के नए मामले मिलने के बाद इक्विटी बेंचमार्क सेंसेक्स सोमवार को 435.74 अंक या 0.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,200.27 पर खुला, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 129.85 अंक या 0.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,634.95 पर खुला। आरआईएल के अलावा मारुति, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, एचसीएल टेक, बजाज फिनसर्व और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के शेयर 3.73 फीसदी की गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर भारती एयरटेल, पावरग्रिड, एशियन पेंट्स, इंडसइंड बैंक और आईटीसी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
ऑस्ट्रिया में आज से लॉकडाउन
इस बीच करोना वायरस की चौथी लहर से निपटने और पांचवीं लहर रोकने के लिए ऑस्ट्रिया सोमवार से लॉकडाउन शुरू हो गया। ऑस्ट्रिया समेत यूरोप के कई देशों में कोविड-19 (Covid-19)के मामले बढ़ रहे हैं। ऑस्ट्रिया में लगा यह लॉकडाउन अधिकतम 20 दिन तक चलेगा। हालांकि 10 दिन के बाद इसका रिव्यू किया जाएगा। अगले साल एक फरवरी से देश में लोगों के लिए टीकाकरण अनिवार्य किया जा सकता है। उधर, फ्रांस की सरकार ने भी माना है कि देश में कोरोना की पांचवी लहर तेजी से आ रही है। फ्रांस में इस हफ्ते जो नए मामले आए हैं, वे पिछले हफ्ते की तुला में दोगुने से भी अधिक हैं। ऐसे में सरकार पांचवी लहर से निपटने का प्लान बना रही है।
इन पर प्रतिबंध
लॉकडाउन के दौरान लोगों के बेवजह रूप से बाहर जाने पर रोक है। रेस्त्रां और ज्यादातर दुकानें बंद रहेंगी। बड़े आयोजन रद्द कर दिए गए हैं। स्कूल और डे-केयर सेंटर खुले तो रहेंगे, लेकिन अभिभावकों को बच्चों को घर पर रखने की सलाह दी गई है। ऑस्ट्रिया में लॉकडाउन की पाबंदियां 13 दिसंबर को हटाई जा सकती हैं। हालांकि, जिनका टीकाकरण नहीं हुआ है उनके लिए पाबंदियां जारी रहेंगी।
क्रिसमस की खरीदारी के लिए उमड़ी थी भीड़
रविवार को मध्य विएना के बाजारों में क्रिसमस की खरीदारी करने वाले लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी। इसके अलावा लॉकडाउन से पहले तमाम लोग घूमने-फिरने निकल पड़े थे। चांसलर एलेक्जेंडर शालेनबर्ग ने शुक्रवार को लॉकडाउन की घोषणा की थी।