देश-दुनिया

भारत में नहीं थम रहा कोरोना से मौत का सिलसिला, 24 घंटे में चार हजार से अधिक मौत

नई दिल्ली। भारत में कोरोना से मौत सिलसिला कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक भारत में कोरोनावायरस से तीन लाख लोगों की मौत हो गई है। पिछले साल फरवरी से देश में वायरस के मामले मिलने शुरू हुए थे और तबसे रोज हजारों लोगों की मौत हो रही है। साथ ही लाखों नए मामले सामने आ रहे हैं। कोरोना की दूसरी लहर की पीक हम पार कर चुके हैं और मामले लगातार नीचे आ रहे हैं। इसके बावजूद मौत कम होने का नाम नहीं ले रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार 24 मई की सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 2.22 लाख नए मामले दर्ज हुए हैं और इस अवधि में 4,454 लोगों की मौत हुई है।
देश में कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार धीमी होने लगी है। देश में रविवार को 2 लाख 22 हजार 704 लोग पॉजिटिव पाए गए। यह आंकड़ा पिछले 38 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 15 अप्रैल को 2.16 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। वहीं, पिछले 24 घंटे में 4,452 संक्रमितों की जान गई है। राहत की बात ये रही कि 3 लाख 2 हजार 83 लोगों ने संक्रमण को मात भी दी।
उधर, देश में कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 3 लाख के पार पहुंच गया है। पिछले साल 13 मार्च को संक्रमण से पहली मौत हुई थी। इसके 14 महीने 10 दिन बाद मौतों की संख्या 3 लाख हुई है। अब तक कुल 3 लाख 3 हजार 751 लोग इस महामारी से जान गंवा चुके हैं।



मौत का आंकड़ा थम नहीं रहा
देश में कोरोना की दूसरी लहर कमजोर पड़ने के बाद भी मरने वालों की संख्या कम नहीं हो रही है। मई में हर रोज औसतन 3,500 मौतें हुई हैं। ये पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। दुनिया में भारत के अलावा सिर्फ दो अन्य देशों में कोरोना से 3 लाख से ज्यादा लोगों ने दम तोड़ा है। इनमें अमेरिका पहले और ब्राजील दूसरे नंबर पर है। अमेरिका में संक्रमण से 6 लाख और 4.48 लाख मौतें हुई हैं।



19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।



हिमाचल में 1309 नए मामले
रविवार को हिमाचल प्रदेश में कोरोना के 1309 नए मामले सामने आए, वहीं ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 4059 रहा। रविवार को संक्रमण से हिमाचल में 59 लोगों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा 16 मौतें कांगड़ा जिला में हुई। चंबा में पांच, हमीरपुर में चार, कुल्लू में एक, शिमला में नौ, सोलन में तीन, ऊना में चार, बिलासपुर में तीन, सिरमौर और मंडी में सात-सात व किन्नौर में एक संक्रमित ने दम तोड़ा। प्रदेश में एक्टिव मरीज घटने के बावजूद संक्रमण दर कम नहीं हो रही है। रविवार को प्रदेश में संक्रमण दर 23.49 फीसदी रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button