कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लूहिमाचल

पूर्व सैनिकों के लिए योल में महारैली का आयोजन

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के 1000 से अधिक पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की आवश्यकताओं और शिकायतों के संदर्भ में राइजिंग स्टार कोर द्वारा योल में एक महा रैली का आयोजन किया गया। लैफ्टिनेंट जनरल नव के खण्डूरी, एवीएसएम, वीएसएम, आर्मी कमाण्डर, पश्चिमी कमान इस महारैली के मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। आर्मी कमाण्डर ने समारोह में उपस्थित पुरस्कृत विजेताओं और वीर नारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर बोलते हुए आर्मी कमाण्डर ने कहा कि
हमारे सम्मानित दिग्गजों और बहादुर वीर नारियों की उपलब्धियां भारतीय सेना में हमारे लोकाचार के मूल में हैं।



उन्होनें वीर नारियों के त्याग और बलिदान के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया और साथ ही वीर विजेताओं को भी सम्मानित किया। भारत सरकार एवं भारतीय सेना द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए हाल ही में शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को अवगत कराया गया।




भूतपूर्व सैनिक और वीर नारियों की शिकायतों के निवारण के अतिरिक्त, कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया और कल्याणकारी योजनाओं की पूर्व सैनिकों तक आसान पहुँच सुनिश्चित की गई। इस अवसर पर  भारतीय सेना के पूर्व सैनिक निदेशालय, सेना कल्याण प्लेसमेंट संगठन और पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के प्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को प्रमुख सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। गतका, कलारिपयट्टू सहित एक जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम और राइजिंग स्टार कोर के संयुक्त पाईप बैण्ड के शानदार प्रदर्शन ने धौलाधार पर्वतमाला की सुरम्य पृष्ठ भूमि में दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह आयोजन पूर्व सैनिकों के साथ मेल-मिलाप को मजबूत करने और निकट सम्बन्ध बनाए रखने के लिए पश्चिमी कमान के अथक प्रयासों का हिस्सा है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button