भारत जोड़ो यात्रा, पहली बार टी शर्ट के ऊपर काली जैकेट पहने नजर आए राहुल गांधी

कठुआ (जम्मू)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जम्मू-कश्मीर में प्रवेश कर चुकी है। जम्मू कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा दिन है। इस यात्रा में पहली बार राहुल गांधी टी शर्ट के ऊपर कपड़ा पहने नजर आए। शुक्रवार की सुबह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की जम्मू-कश्मीर के कठुआ से औपचारिक शुरुआत हुई।
खबरों के मुताबिक कठुआ में बारिश हो रही है। राहुल ने हल्की बूंदा-बादी के बीच यात्रा शुरू की गई। इस दौरान बारिश से बचने के लिए राहुल गांधी एक काले रंग की जैकेट या बरसाती जैसा कपड़ा पहने नजर आए। इस यात्रा के दौरान यह पहली बार है कि राहुल गांधी ने टी शर्ट के ऊपर कोई और कपड़ा पहना है। कड़ाके की ठंड में भी राहुल का केवल टी शर्ट पहनना एक मुद्दा बन गया था। बीजेपी के कई नेताओं ने इस पर सवाल उठाए थे। यात्रा सुबह 8 बजे हटली मोड से शुरु हुई, जो अरोडिया तक चलेगी। इस बीच राहुल 16 प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात भी करेंगे।
गुरुवार को जम्मू कश्मीर पहुंची थी भारत जोड़ो यात्रा
राहुल की भारत जोड़ो यात्रा गुरुवार को जम्मू के कठुआ में प्रवेश हुई थीय़ यह यात्रा पंजाब से होकर जम्मू कश्मीर में दाखिल हुई है। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अब 26 जनवरी तक यात्रा जम्मू के अलग-अलग जिलों में रहेगी। इस यात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आतंकी खतरे की आशंका को देखते हुए राहुल की इस यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था कई चरणों में की गई है। भारत जोड़ो यात्रा के पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक पैदल यात्रा के पहले दिन शुक्रवार को राहुल गांधी जम्मू के कठुआ के हठली मोड से चड़वाल तक का करीब 23 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। कठुआ के हठली मोड़ से यात्रा के शुरू होकर 12 बजे चन्नी में विश्राम का कार्यक्रम था। शुक्रवार को यात्रा चड़वाल में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम था।
शिवसेना सांसद संजय राउत भी हुए शामिल
इस यात्रा में शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत शामिल हुए हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बाद राउत ने कहा कि वो अपनी पार्टी की ओर से शामिल हुए हैं। महाराष्ट्र में यात्रा के दौरान वीडी सावरकर पर दिए राहुल गांधी के बयान पर शिव सेना ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद से पहली बार कोई शिव सेना नेता भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुआ है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
भारत जोड़ा यात्रा में शामिल होकर संजय राउत ये बोले
कठुआ में संजय राउत ने कहा कि मैं शिवसेना की तरफ से आया हूं। देश का माहौल बदल रहा है और मैं राहुल गांधी को आवाज उठाने वाले नेता की तरह देखता हूं। उनके समर्थन में भीड़ उमड़ रही है और लोग जुड़ रहे हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए संजय राउत गुरुवार जम्मू पहुंचे थे। जम्मू पहुंचकर उन्होंने कश्मीरी पंडितों के आंदोलन में भाग लिया था। वो जम्मू में शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस को भी संबोधित करेंगे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
सावरकर पर राहुल के बयान से बवाल
राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान विनायक दामोदर सावरकर पर अंग्रेजों की मदद करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि सावरकर ने जेल में रहने के दौरान डर के कारण माफीनामे पर हस्ताक्षर कर महात्मा गांधी और अन्य समकालीन भारतीय नेताओं को धोखा दिया था। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सावरकर के माफीनामे की प्रति भी दिखाई थी।
शिव सेना हुई थी असहज
राहुल के इस बयान ने महाराष्ट्र में राजनीतिक सनसनी मचा दी थी। साथ ही शिव सेना असहज हो गई थी। शिव सेना नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा था कि उनकी पार्टी सावरकर का बहुत सम्मान करती है और वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी से सहमत नहीं हैं। राहुल के इस बयान से महाराष्ट्र में कांग्रेस-शिवसेना और एनसीपी गठबंधन महा विकास अघाड़ी के टूटने का भी खतरा पैदा हो गया था। इसके बाद यह पहला मौका है, जब शिव सेना ठाकरे गुट का कोई नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुआ है।
कन्याकुमारी से शुरू किया सफर
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। पिछले 125 से अधिक दिनों में यह यात्रा देश के 10 राज्यों के 52 से अधिक जिलों से गुजरती हुई जम्मू कश्मीर के कठुआ पहुंची है। इस यात्रा को साढ़े तीन हजार से किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करनी है। यह यात्रा जम्मू कश्मीर के श्रीनगर पहुंचकर खत्म होगी। जम्मू-कश्मीर में ही भारत जोड़ो यात्रा का 30 जनवरी को समापन होगा।