अपराध/हादसे

अपराध : एक अंगूठी खरीदने के बहाने गहनों का डिब्बा उड़ा ले गया टप्पेबाज

देहरादून। धर्मपुर स्थित ज्वेलर की दुकान में अंगूठी खरीदने के बहाने पहुंचे चोर ने अंगूठी का पूरा डब्बा चुरा लिया। आरोपी दुकान मालिक के सामने ही डब्बा लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने कब्जे में लिया है।



जानकारी के अनुसार हरिद्वार रोड पर धर्मपुर में बाटा स्टोर के सामने उषा पंवार की हिमानी ज्वेलरस नाम से दुकान है। मंगलवार दोपहर एक युवक दुकान पर पहुंचा। युवक की उम्र 28 वर्ष के आसपास थी। वह दुकान पर सोने की अंगूठी देखने लगा। महिला ने सोने की अंगूठियों के डिब्बे निकाले और युवक को दिखाए। इस दौरान एक अंगूठी की कीमत उसने पूछी।


महिला कैलकुलेटर से हिसाब लगाने लगीं। तभी उसने अंगूठी रखा एक डब्बा उठाया और दुकान से फरार हो गया। महिला उसे पकड़ने के लिए चिल्लाती रहीं। जो डब्बा आरोपी लेकर गया उसमें आठ महिलाओं और चार पुरुषों की अंगूठी थीं। इनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। आरोपी के फरार होने पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी प्रदीप चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि महिला की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। सीसीटीवी फुटेज से मिले हुलिए के जरिए उसकी तलाश की जा रही है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button