शिकारी ने जानवर समझकर अपने साथियों पर चला दी गोली, और…

पांवटा साहिब। पांवटा साहिब उपमंडल के तहत आने वाले सैंनवाला में शिकारियों को शिकार करना महंगा पड़ गया। यहां शिकारियों ने अपने ही साथियों पर गोलियां दाग दी। इनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। मृतक व्यक्ति की पहचान रामेश्वर के रूप में हुई है जबकि घायल गीताराम को मेडिकल कॉलेज नाहन रैफर किया गया है जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात तीन लोग जंगल में शिकार करने गए हुए थे। एक वहां से थोड़ी आगे चला गया जबकि दो पीछे रह गए। थोड़ी देर बाद अचानक जो आगे गया था उसको कुछ अजीब सी आवाजें आई। उसमें जानवर समझ कर पीछे फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद उसे चीखने चिल्लाने की आवाजें आई।जब वह तुरंत मौके पर गया तो उसने देखा कि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल पड़े हुए हैं। वही ,फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी तुरंत जंगल पहुंचे और जख्मी रामेश्वर और गीता राम को खून से लथपथ देख दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से नाहन मेडिकल कॉलेज लाने लगे। लेकिन रामेश्वर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि गीता राम का इलाज नाहन अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।