अपराध/हादसे

पति विदेश में, बहू किसी से फोन पर करती थी बात, सास-ससुर ने रोका तो हो गया मर्डर

होशियारपुर। प्रेम संबंधों में रोकटोक लगाने व घरेलू विवाद के चलते एक विवाहिता ने अपने पिता व कुछ अज्ञात साथियों के साथ मिलकर अपने सास-ससुर की हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या करने के बाद आरोपितों ने सबूत मिटाने के लिए शवों को आग लगा दी। मामला होशियारपुर के कस्बा टांडा के गांव जाजा का है। मरने वालों में मनजीत सिंह व उसकी पत्नी गुरमीत कौर शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में मनजीत सिंह के पुत्र रविंद्र सिंह के बयान पर उसकी पत्नी मनजीत कौर व ससुर निशान सिंह निवासी दुबुर्जी तथा कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है।


पुलिस को दिए बयान में रविंद्र सिंह ने बताया कि वह पुर्तगाल में सैटल है। उसकी शादी मनजीत कौर के साथ हुई थी, शादी के कुछ दिनों बाद वह पुर्तगाल लौट गया। पुर्तगाल जाने के बाद उसकी माता गुरमीत कौर ने उसे फोन पर बताया कि मनजीत कौर किसी अज्ञात से फोन पर लंबी-लंबी बात करती है और उसके किसी के साथ प्रेम संबंध है। इसको लेकर रविंद्र ने मनजीत कौर ऐसा करने से मना भी किया था, पर मनजीत कौर नहीं मान रही थी। इसको लेकर मनजीत बार उसमें कई बार विवाद भी रहा।


मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रविंद्र ने पुलिस को बताया कि रंजिशन मनजीत कौर ने उसके पिता मनजीत सिंह व माता गुरमीत कौर को परेशान करना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उसकी मां गुरमीत कौर ने उसे फोन पर बताया था कि मनजीत कौर उन्हें हद से ज्यादा परेशान कर रही है। वह घर लौट आए। इसके बाद वह 7 दिसंबर को पुर्तगाल से गांव लौट आया। इस दौरान उसने मनजीत कौर को खुद भी किसी से फोन पर बातें करते हुए पकड़ा। जब उसने इस संबंध में मनजीत कौर के पिता निशान सिंह से बात की तो निशान सिंह ने भी इसे हल्के में लेते हुए टाल दिया।


मनजीत कौर के पिता ने यह मानने से साफ मना कर दिया कि उसकी बेटी के किसी के साथ प्रेम संबंध हैं। रविंद्र ने बताया कि गत दिवस वह अपने मित्र विकास कालामंज के साथ गुरदासपुर में अपने एक अन्य मित्र कुलविंदर सिंह को मिलने के लिए गया था। जब वह रात को करीब 10:00 बजे घर लौटा तो घर के दरवाजे अंदर से बंद थे। काफी खटखटाने के बाद जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो वह दीवार फांदकर घर में दाखिल हो गया। जब उसने अपने कमरे में जाकर देखा तो कमरे में धुंआ फैला हुआ था और उसकी पत्नी कुर्सी पर बैठे बेहोशी का ड्रामा कर रही थी।


हल्का सा हिलाने पर उसकी पत्नी आनन-फानन में दौड़ती हुई चिल्लाते हुए यह कहने लगी कि जल्दी माता जी- पिता जी के कमरे में चलो उन्हें किसी ने मार दिया है। मारने वाले को वह पहचानती नहीं है, क्योंकि उन्हें मारने से पहले आरोपितों ने उसे कमरे में बंद कर दिया था। रविंद्र सिंह ने बताया कि जब उसने कमरे में जाकर देखा तो उसके माता-पिता के शव जले हुए मिले। उसने आरोप लगाया कि उसके माता-पिता की हत्या मनजीत कौर ने अपने पिता व अज्ञात लोगों के साथ मिलकर साजिश के तहत किया है। पुलिस ने इस मामले मे रविंदर के बयान पर मनजीत कौर निशान सिंह कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button