महिला को फोन कर परेशान करता था, महिला ने बुलाकर किया ऐसा हाल
गोरखपुर। गुलरिहा इलाके की एक महिला को शोहदा बार-बार फोन कर परेशान कर रहा था। काफी प्रयास के बाद भी वह पीछा नहीं छोड़ रहा था। इससे परेशान होकर महिला ने मीठी बातें कर शोहदे को जाल में फंसाया और मिलने के लिए भटहट कस्बे में बुला लिया। शोहदा जब उससे मिलने आया तो महिला ने सहेलियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। मौके पर बाइक छोड़कर शोहदा फरार हो गया। गुलरिहा पुलिस बाइक कब्जे में लेकर शोहदे की तलाश कर रही है।
महिला ने पुलिस को बताया कि एक माह से उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आ रहा था। कॉल रिसीव करने पर दूसरी तरफ से बात करने वाला व्यक्ति आपत्तिजनक बातें करता था। मना करने के बाद भी फोन करता था। 10 दिसंबर की रात में उसने कई बार फोन किया। 11 दिसंबर की सुबह सहेलियों को घटना की जानकारी देते हुए आरोपित को पकड़ने की योजना बनाई। जिसके तहत आरोपित को फोन करके मिलने के लिए भटहट कस्बे में बुलाया।
फोन करने वाला व्यक्ति दोपहर में उससे मिलने भटहट कस्बे में पहुंचा। करीब आने पर सहेलियों के साथ उसने घेर लिया और पिटाई करनी शुरू कर दी। महिलाओं ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन आरोपित बाइक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, शिकायत करने वाली महिला के बच्चे बालिग हैं। आरोपित की भी उम्र 50 वर्ष के आसपास है। मोबाइल व बाइक नंबर के जरिए उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।