दहशत : गंगा नहाने गए 31 लोगों को कुत्ते ने काट डाला

हरिद्वार। हरिद्वार में बुधवार को कोतवाली हरिद्वार क्षेत्र में आवारा कुत्ते ने आधे घंटे के भीतर 31 लोगों को काट लिया। कुत्ते के हमले से घायल 31 लोग इलाज करवाने जिला अस्पताल पहुंचे थे। लगातार कुत्ते के काटे मरीजों के आने से जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। इनमें से ज्यादातर लोग गंगा नहाने के लिए हरिद्वार आए थे।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह एक आवारा कुत्ते ने लालतारौ पुल से बिरला घाट होते हुए विष्णु घाट और हरकी पैड़ी को जाने वाली अपर रोड पर लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान कुत्ते ने एक स्कूटर चालक युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद सरकारी अस्पताल में कुत्ते के काटने से घायल हुए लोग उपचार को पहुंचे। ईएमओ ने बताया कि कुत्ते के काटने से घायल होने वाले लोग दिल्ली, झांसी, करनाल, जोधपुर, उड़ीसा, गोरखपुर, कोटा, फिरोजाबाद के अतिरिक्त हरिद्वार के भी हैं। अधिकारियों को जानकारी मिली है कि कुत्ता मृत हालत में नगर निगम की टीम को मिला है।
चिकित्सक का कहना है कि अवारा कुत्ते के काटने से घायल हुए 31 लोग अस्पताल पहुंचे थे। सभी को उपचार के बाद घर भेज दिया है।