देश-दुनिया

शादी रचाने के लिए बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, ऑन द स्पॉट हो गई पिटाई

खबर को सुनें

यूपी। यूपी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र के एक गांव में एक युवक शादी रचाने के लिए बारात लेकर पहुंचा। उधर, लड़की के घर दूल्हे की पहली पत्नी बच्चे के साथ बैठ कर इंतज़ार कर रही थी। बारात पहुंचते ही युवक अपने बच्चे के साथ पत्नी को देख कर भागने लगा। ग्रामीणों ने दौड़ा कर दूल्हे को पकड़ा और धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी दूल्हे के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। खोराबार थाना क्षेत्र के सूबाबाज़ार निवासी बबलू की एक वर्ष पहले गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी तय हुई थी।

निर्धारित तारीख पर पांच दिसम्बर की शाम साढ़े आठ बजे लड़की के दरवाजे पर बारात पहुंची। बारातियों के स्वागत के लिए सैकड़ों की संख्या में घराती व अन्य रिश्तेदार मौजूद थे। उधर, एक महिला अपने चार वर्षीय बच्चे के साथ बैठ कर इंतज़ार कर रही थी। महिला को देख कर दूल्हा भागने लगा। बारात के स्वागत में पहुंचे घराति‍यों दूल्हे को भागते देखा तो दौड़ा कर पकड़ लिया। इसके बाद सबने मिलकर दूल्हे की धुनाई कर दी। फिर पुलिस बुलाकर उसे सौंप दिया गया। मौके पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने आरोपी दूल्हे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। बच्चे के साथ मौके पर मौजूद महिला ने पुलिस को बताया कि लगभग पांच साल पहले उनकी शादी हुई थी। उनका चार साल का एक बच्चा भी है। महिला के मुताबिक जब उसे पता चला कि उसका पति दूसरी शादी कर रहा है तो वह यहां पहुंची ताकि उसका पति दूसरी शादी न कर सके। आरोपी दूल्हा पुलिस के सामने मांफी मांगने लगा। उधर, दुल्हन बन कर बैठी पीड़ित लड़की की मां ने आरोप लगाया कि एक साल पहले आरोपी युवक ने झूठ बोल कर शादी तय की थी। शादी की तैयारी के साथ ही उसके परिवार के अब तक लगभग साढ़े पांच लाख रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करते हुए आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया है। इस सम्बन्ध में प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा चंद्रहास मिश्र ने बताया कि उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।bannerBirthday

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button