शिमला, मंडी, लाहौल-स्पीतिहिमाचल

मुख्यमंत्री सुक्खू पहुंचे सचिवालय, जोरदार स्वागत, हुए भावुक

खबर को सुनें

शिमला। हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शपथ ग्रहण करने के बाद सोमवार को पहली बार सचिवालय पहुंचे। सचिवालय के गेट पर पुलिस की ओर से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।



हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं राजपत्रित कर्मचारी संघ की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। कर्मचारियों ने उन्हें फूल मालाएं पहनाईं। वही प्रदेशभर से आए लोगों ने भी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को बधाई दी।



इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की जनता ने उन्हें सेवा का मौका दिया है, वह इसके लिए लोगों के आभारी हैं। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सुखविंदर सिंह सुक्खू भावुक भी हो गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में महिलाओं, किसानों, बागवानों, बुजुर्गों और युवाओं सहित सभी वर्गों के हित को ध्यान में रखते हुए काम किया जाएगा। उन्होंने पार्टी की जीत के लिए वरिष्ठ नेताओं को श्रेय दिया।




हिमाचल प्रदेश के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया
हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों ने आज यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का गर्मजोशी से स्वागत किया। सचिवालय के हजारों अधिकारियों व कर्मचारियों ने मुख्य द्वार पर पंक्तिबद्ध होकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।



प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री का पद ग्रहण करने पर बधाई दी।
इसके उपरांत, हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाएं संघ के सदस्यों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने उनसे राज्य के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए नए उत्साह, समर्पण और प्रतिबद्धता से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार के लिए सुशासन आवश्यक है, इसलिए यह अधिकारियों का कर्तव्य बनता है कि वे अपना समय लोगों की शिकायतों के निवारण के लिए समर्पित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन के जीवन में सुखद परिवर्तन लाने के लिए कार्य करें।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक हर्षवर्धन चौहान, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुभासीष पंडा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button