हिमाचलः विधानसभा भवन के मुख्य द्वार पर लगे खालिस्तान के झंडे; CM बोले दोषी जल्द गिरफ्त में होंगे

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मुख्य द्वार और आसपास खालिस्तान के झंडे लगाए गए है। जानकारी के अनुसार सुबह यहाँ खालिस्तान के झंडे लगाए देखे गए। मामला सामने आने के बाद इन्हें योल पुलिस ने मौके पर जाकर उतार दिया।हालाँकि इन झंडों को किसने यहां लगाया है इस बात का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।बताया जा रहा है कि खालिस्तान के झंडे बीती देर रात या आज सुबह ही लगाए गए हैं। उधर, कांगड़ा एसपी खुशाल शर्मा ने बताया कि हमें इस घटना की सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से विधानसभा के गेट से खालिस्तान के झंडे हटवा दिए। इसके पीछे किसकी शरारत है व किसने यह सब किया है, पुलिस इसकी तलाश कर रही है। पुलिस अन्य स्थानों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग भी खंगालेगी।
इस घटना पर सीएम जयराम ने कहा….
हिमाचल सौहार्दपूर्ण राज्य है और यहां शांति कायम रहनी चाहिए। धर्मशाला में हुई घटना के दोषी जहां भी होंगे उन्हें शीघ्र पकड़ा जाएगा। उन लोगों का यह कायरतापूर्ण दौर अब अधिक नहीं चलेगा। निश्चित तौर पर इस घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।