हिमाचल के गांवों में 2022 तक हर घर में होगा नल


मंडी। जल शक्ति, बागवानी, राजस्व एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जुलाई 2022 तक सभी ग्रामीण परिवारों को कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के लक्ष्य को हासिल कर लिया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के 12 जिलों को 3 वर्गों में रखकर चरणबद्ध तरीके से लक्ष्य हासिल करने की कारगर रणनीति बनाई गई है। इस काम पर इस साल 1700 करोड़ रुपये खर्चे जा रहे हैं।
वे मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर के जल शक्ति मिशन के लाभार्थियों के साथ वीडियो कॉंफ्रेंस के जरिए आयोजित वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। जल शक्ति मंत्री धर्मपुर से इस कार्यक्रम से ऑनलाईन जुड़े थे।
महेंद्र सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में जल जीवन मिशन के तहत हर घर को नल से शुद्ध जल प्रदान करने के लक्ष्य के साथ कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन प्रदान करने के लिए लगातार समर्पित प्रयास किए जा रहे हैं । वर्ष 2024 के राष्ट्रीय लक्ष्य से काफी पहले हिमाचल में जुलाई, 2022 तक ही 100 फीसदी कवरेज का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का आभार
महेंद्र सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग से हिमाचल जल जीवन मिशन में शानदार काम करने में अव्वल रहा है। केंद्र सरकार ने योजना के कार्यान्वयन में धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी है। संवाद कार्यक्रम में जुड़े जल जीवन मिशन के सैंड़कों लाभार्थियों ने एकस्वर में मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर और प्रदेश सरकार का आभार जताया। इस दौरान मंडी के अधिशासी अभियंता विवेक हाजरी, जलशक्ति विभाग के अन्य अधिकारी और लाभार्थी मौजूद रहे।