पर्यटन : घूमने का मन है तो चले आइये शिमला

शिमला। कोरोनाकाल। यानी बंदिशों का दौर। जो लोग मार्च से अब तक घरों में बंद रहे हैं, अब अनलॉक की गाइडलाइन जारी होने के बाद कहीं बाहर घूमने की सोचने लगे हैं। अगर आप भी ऐसा सोच रहे हैं तो हिमाचल ने पर्यटकों के लिए

काफी छूट के साथ अपनी सीमाओं और वादियों को स्वागत के लिए खोल दिया है। हिमाचल में कई प्रमुख पर्यटन स्थल हैं। इनमें प्रदेश की राजधानी शिमला प्रमुख पर्यटन स्थल है। शिमला के राजधानी और प्रमुख पर्यटन स्थल होने के कारण यहां हवाई, रेल या सड़क मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है। शिमला तक कई शहरों से सीधी बस की सुविधा भी है। हालांकि अभी इंटर स्टेट बस सेवा शुरू नहीं होने के कारण थोड़ी दिक्कत जरूर है। सामान्य तौर पर हम यहां हम आपको शिमला पहुंचने के सभी विकल्पों के बारे में बता रहे हैं।
सड़कमार्ग
यह शिमला पहुंचने का पारंपारिक तरीका है। शिमला तक रोड की अच्छी कनेक्टिविटी है। शिमला के सबसे नजदीकी शहर कालका है जो शिमला से करीब 80 किलोमीटर दूर है। इसके अलावा चंडीगढ़ 113 किलोमीटर है। चंडीगढ़ से शिमला तक नैशनल हाइवे-22 के जरिए पहुंचा जा सकता है। शिमला से दिल्ली की दूरी करीब 370 किलोमीटर है।
शिमला तक दिल्ली, चंडीगढ़ और दूसरे बड़े शहरों से सीधी बस की सेवा उपलब्ध रहती है। सबसे आरामदायक वोल्वो की बस होती है जिसमें टीवी स्क्रीन और एयरकंडीशन की सुविधा होती है लेकिन इनका किराया थोड़ा महंगा होता है। कम किराए के लिए डीलक्स बस सर्विस या साधारण बस सेवा भी चुन सकते हैं। कालका से शिमला, कुल्लू से शिमला और अंबाला से शिमला के लिए भी सीधी बस सेवा उपलब्ध है।
कार से शिमला
आप खुद ड्राइव करके भी शिमला पहुंच सकते हैं या शिमला जाने के लिए टैक्सी भी कर सकते हैं। आप शिमला के नजदीकी शहर चंडीगढ़ या कालका पहुंचकर यहां से कैब बुक कर सकते हैं। कालका से शिमला पहुंचाने में कैब साढ़े तीन से चार घंटे लेती है।
रेल मार्ग
शिमला के सबसे नजदीकी स्टेशन कालका है जो शिमला को कलकत्ता और दिल्ली के साथ देश के दूसरे बड़े शहरों से जोड़ता है। कालका से शिमला के लिए टॉय ट्रेन चलती है जो नैरो गेज लाइन है। जबकि कालका तक ब्रॉड गैज लाइन बिछी है। रेल के जरिए मुंबई से शिमला पहुंचने के लिए भी आपको पहले कालका आना होगा फिर कालका से टॉय ट्रेन या कैब करके आप शिमला पहुंच सकते हैं। कालका से शिमला पहुंचाने में टॉय ट्रेनसाढ़े चार से घंटे तक लेती है। अगर आपके पास समय है और आप कुछ नया अनुभव करना चाहते हैं तो कालका से शिमला पहुंचने के लिए टॉय ट्रेन का विकल्प चुनें। यह टॉय ट्रेन 103 सुरंगों से होकर गुजरती है। रोजाना इस ट्रेन के एक तरफ से 3-4 फेरे होते हैं।
हवाई मार्ग
शिमला के सबसे नजदीक जुबरहट्टी एयरपोर्ट है जो 20 किलोमीटर दूर है। अगर आप मुंबई से शिमला पहुंचना चाहते हैं या हैदराबाद से शिमला पहुंचना चाहते हैं तो आपको दिल्ली या चंडीगढ़ की फ्लाइट पकड़नी होगी। यहां से आपको जुबरहट्टी के लिए फ्लाइट बदलनी होगी या आप आगे का सफर बस या कैब से कर सकते हैं। दिल्ली से जुबरहट्टी पहुंचने में फ्लाइट करीब 1 घंटा लेती है।
हेलिकॉप्टर से शिमला
अगर बिल्कुल शहर के बीच में लैंड करना चाहते हैं तो आप हेलिकॉप्टर सर्विस का सहारा ले सकते हैं। चंडीगढ़ से शिमला हेलिकॉप्टर में जा सकते हैं। चंडीगढ़ से शिमला पहुंचाने में हेलिकॉप्टर केवल 25 मिनट लेता है और इसका प्रति व्यक्ति किराया करीब 3500 रुपए है।
(नोट -कोरोनाकाल में कुछ सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।)