राजनीति

कोरोना और किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का हमला, जानिये शिमला में क्या बोले राठौर

खबर को सुनें

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि उसने जनता को कोरोनाकाल में भगावन भरोसे छोड़ दिया है। वह सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। राठौर ने किसानों के मुद्दे पर भी पार्टी के समर्थन का ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि सरकार ने कोरोना के नियमों में एक दम ढील दी, जिसके कारण कोरोना का फैलाव हुआ। इसके लिए सरकार ने विपक्षी दलों और होटलियर्स तक को भरोसे में नहीं लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कोरोना से लड़ने के लिए सुझाव देने के मकसद से एक कमेटी का गठन किया था। इसमें विशेषज्ञों को शामिल किया गया था। कमेटी की ओर से दिए गए सुझाव सरकार को सौंपे गए, लेकिन उनपर कोई अमल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गाइडलाइनों को प्रदेश में आंखें मूंदकर लागू कर दिया गया। जबकि हिमाचल के पर्यटन राज्य होने के कारण यहां खास तरह के उपाय करने की जरूरत है। उहोंने कहा कि सीएम ने शादियां और त्योहार होने के कारण प्रदेश में कोरोना का फैलाव होने का तर्क दिया। उन्होंने कहा कि यह तर्क किसी भी प्रकार से सही नहीं है। त्योहार और शादियां पूरे देश में हुईं, तो हिमाचल में ही ऐसा तर्क क्यों दिया जा रहा है।

किसानों के आंदोलन का समर्थन

राठौर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के आंदोलन का समर्थन कर रही है। किसानों के 8 दिसंबर के बंद के आह्वान का भी कांग्रेस समर्थन कर रही है। उन्होंने विभिन्न वर्गों के लोगों से आग्रह किया कि बं में अपना सहयोग दें। किसान इस समय अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसलिए किसानों का इस आंदोलन का समर्थन जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के आंदोलन को बदनाम करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है और इसके पीछे बड़े-बड़े उद्योगपति हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बंद के दौरान कोरोनाकाल के नियमों के अनुसार जिला स्तर पर प्रदर्शन करेगी। इन प्रदर्शनों में 50 से ज्यादा लोग शिरकत नहीं करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button