कार खाई में गिरी, पुलिस हैड कांस्टेबल समेत दो की मौत

शिमला। तहसील सुन्नी के बडमैन धार के नजदीक कार सड़क से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक हैड कांस्टेबल व एक महिला की मौत हो गई है। 3 लोग घायल हुए हैं।
हादसे में जान गंवाने वाले हैड कांस्टेबल की पहचान 46 वर्षीय भूपिंद्र के तौर रूप में हुई है। यह शिमला में कार्यरत था और सुन्नी के तलाह गांव का निवासी था। वहीं मृतक 35 वर्षीय महिला यशोदा निवासी भराड़ा तहसील सुन्नी की रहने वाली थी। उसके पति हरीश और दोनों बेटियां 8 वर्षीय पूजा और 11 वर्षीय मन्नत को गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस को सुबह 7.30 बजे के करीब सूचना मिली की बडमैन के पास एक कार खाई में गिरी है, जिस पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। पुलिस ने मौके पर पाया कि कार (एचपी 63ए-9928) सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी थी। इस दौरान हैड कांस्टेबल व महिला की मौके पर मौत हो गई थी।
बताया जा रहा है कि हरीश अपने परिवार सहित रिश्तेदार हैड कांस्टेबल भूपिंद्र की कार में सुन्नी से शिमला की तरफ आ रहे थे। कार को भूपिंद्र चला रहा था। यह हादसा कैसे हुआ है फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।