ABVP द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य पर संगोष्ठी का आयोजन
शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा 22 जनवरी 2022 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती व पराक्रम दिवस के उपलक्ष्य पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में हरीश कुमार जी ( चेयरमैन राजनीतिक विज्ञान विभाग हि.प्र.वि.वि.) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में गौरव अत्रि ( अ.भा.वि.प. हिमाचल प्रान्त संगठन मंत्री ) मौजूद रहे। युवाओं को सम्बोधित करते हुए गौरव अत्रि ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस साहसी,नेतृत्व कौशल से परिपूर्ण और असाधारण वक्ता थे। वे खुद तो भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल थे ही पर उन्होंने अन्य कई लोगों को भारतीय राष्ट्रीय सेना में शामिल होने और भारत की स्वतंत्रता के लिए लड़ने के लिए प्रेरित किया था। नेताजी के नाम से लोकप्रिय सुभाष चंद्र बोस ने अंग्रेजों से लड़ने के लिए आजाद हिंद फौज की स्थापना की थी. नेताजी की राष्ट्र के लिए निस्वार्थ सेवा का सम्मान करने और उन्हें याद करने के लिए भारत सरकार ने हर साल 23 जनवरी को उनके जन्मदिन को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला किया। सुभाष चंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाने के पीछे का मकसद देश के लोगों, खासतौर पर युवाओं में नेताजी की तरह ही विपरीत परिस्थितियों का सामना करने और उनमें देशभक्ति की भावना का संचार करना है।
पैरा ओलम्पिक खिलाडियों तथा वि.वि. के सफाई कर्मचारियों का भी हुआ सम्मान
इकाई उपाध्यक्ष अनिल ने कहा कि आज आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सफाई कर्मचारियों तथा पैरा ओलम्पिक खिलाडियों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में अनिल ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार ज्ञापित करते हुए सभी से नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।