देश-दुनिया
उत्तराखंड में कोरोना से 17 की मौत, 74 स्थानों पर लॉकडाउन, सचिवालय में प्रवेश प्रतिबंधित
देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। आज शाम 6:00 बजे जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में रिकॉर्ड 2402 और नये मामले सामने आये। इसके साथ ही राज्य में कुल मामलों की संख्या 118646 पहुँच गई है। एक्टिव मामलों की संख्या 13546 हो गई।प्रदेश में आज 669 केंद्रों पर 48 हजार 448 लोगों को कोविड का टीका लगाया गया। साथ ही अभी तक कुल 225005 लोगों को दूसरी डोज लगी।वहीं, इस साल में सर्वाधिक 17 मौत हुई। बढ़ते कोरोना के केस को देखते हुए सचिवालय में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। शिकायत कर्ताओं को प्रवेश पक्ष में ही अपनी अर्जी देकर लौटना होगा। वहीं पत्रकारों को प्रत्येक कार्य दिवस पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही शाम चार बजे से पांच बजे तक एंट्री दी जाएगी।